Datia News : दतिया। किला चौक िस्थत पार्क को एक वर्ष पहले समाजसेवी डा.राजू त्यागी ने गोद लेकर उसे निजी खर्चे से हराभरा बनाने का संकल्प लिया था। आज यह पार्क में हरे भरे वृक्षों के साथ फब्बारे आदि लगा दिए जाने से शहर में आकर्षण का केंद्र बन गया है।
पार्क को सहेजने संवारने के एक वर्ष पूरा होने पर डा. त्यागी द्वारा अनूठी वर्षगांठ मनाई गई। इस मौके पर केक काटा गया, मिठाई बांटी गई एवं करीब एक सैकड़ा पौधों का आम लोगों को वितरण किया गया। आयोजन युवा भाजपा नेता विवेक मिश्रा, कलेक्टर संजय कुमार, एसपी अमनसिंह राठौर, भाजपा नेत्री एवं दतिया राज परिवार की सदस्य परिणिता राजे ने भाग लिया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने ‘आओ संवारे दतिया’ किला चौक पार्क की प्रथम वर्षगांठ एवं अंकुर अभियान के तहत पौधा वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहाकि गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा की प्रेरणा से डा. राजू त्यागी ने आगे आकर पार्क के सौंदर्यीकरण का जो कार्य किया है, उसके लिए वह बधाई के पात्र है।
कलेक्टर ने कहाकि शहरवासियों को एक भव्य एवं आकर्षक पार्क की भी सुविधा मिले, इसके लिए 5 से 10 एकड़ भूमि में पार्क बनाने की योजना है। पुलिस अधीक्षक राठौड़ ने कहाकि किला चौक पर व्यवस्थित रूप से जो पार्क विकसित किया गया है ऐसे अन्य पार्को के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए।
डा. विवेक मिश्रा ने पार्क में किए गए सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए कहाकि शहर के अन्य पार्को को भी हाथ में लेकर सौंदर्यीकरण के कार्य शुरू किए जाएं। स्वस्थ्य जीवन के लिए शुद्ध हवा जरुरी है।
इसके लिए वृक्ष आवश्यक हैं, इसलिए हम सभी को पौधे लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दतिया में स्थित तालाबों के जीर्णेद्धार के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
भाजपा नेत्री परीणिता राजे ने कहाकि दतिया के लिए खुशी की बात है कि समाजसेवी के रूप में डा. राजू त्यागी द्वारा पार्को के सौंदर्यीकरण का जो कार्य हाथों में लिया है वह सराहनीय है।
अंत में डा. त्यागी ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए तेजी से कार्य किए जाने की बात कही।


