नौकरी का झांसा देकर दीदी और जीजा ने युवती को 5 बार बेचा, इस तरह खुला राज़

रांची : मानव तस्करी के लिए बदनाम रहे झारखंड में एक बार फिर एक युवती को काम दिलाने के नाम पर उसके रिश्तेदारों द्वारा बेचे जाने का मामला सामने आया है।

सिल्ली के पूर्व विधायक अमित महतो की पहल पर रांची के सोनाहातू की इस 21 वर्षीय युवती को बेंगलुरु से वापस रांची लाया गया है। पीड़िता के अनुसार, तीन साल के दौरान उसे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और बेंगलुरु में चार बार बेचा गया।

बुधवार को पूर्व विधायक अमित महतो युवती का रेस्क्यू कराकर बेंगलुरु से विमान के जरिये रांची लेकर पहुंचे। पीड़िता ने पूर्व विधायक अमित महतो का नंबर किसी तरह प्राप्त करने के बाद बेंगलुरु से फोन कर उनसे बचा लेने की गुहार लगाई थी।

युवती के अनुसार, उससे घर का काम करवाने के साथ मारपीट भी की जा रही थी। जबरदस्ती नशीले पदार्थो का भी सेवन कराया जा रहा था। 

ममेरी बहन ने ही बेच दिया था युवती को अमित महतो ने बताया कि सिमडेगा की रहने वाली पीड़िता की ममेरी बहन ने ही उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने के बाद अलग-अलग लोगों के हाथ बेच दिया। आरोपित महिला पति के साथ दिल्ली में रहती है। तीन वर्ष पहले उसने युवती को दिल्ली बुलाया था।

कुछ दिनों अपने साथ भी रखा। पीड़िता को बड़े शहरों में रहने और नौकरी के एवज में अच्छी-खासी रकम दिलाने के सपने दिखाए। पीड़िता के खरीदार उसे मेहनत-मजदूरी के एवज में पैसे नहीं देते थे और हर तरह से शोषण करते थे। काम करवाने के दौरान पीड़िता के साथ मारपीट की जाती थी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter