नई दिल्ली : केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को किसान संगठनों से प्रदर्शन खत्म और वार्ता शुरू करने की अपील की। हालांकि, उन्होंने तीनों नए कृषि कानूनों को रद करने इन्कार कर दिया।
तोमर ने इस बात पर बल दिया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली व एपीएमसी मार्केट यार्ड न सिर्फ बरकरार रहेंगे, बल्कि उन्हें और सशक्त किया जाएगा।
कृषि मंत्री की यह अपील किसानों द्वारा संसद के मानसून सत्र के दौरान आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दिए जाने के बाद आई है।
कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान मंत्री ने कहा, ‘मैं किसान संगठनों से इन मुद्दों पर गंभीरता से पुनर्विचार करने और विरोध खत्म करने की अपील करता हूं। उन्हें वार्ता करनी चाहिए और सरकार इसके लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘लोगों में डर था कि एमएसपी प्रणाली खत्म हो जाएगी, लेकिन दलहन व तिलहन समेत अन्य अनाजों की खरीद में इजाफा हुआ है।’ तोमर ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाकर उन्हें संपन्न करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। नए कृषि कानून इस दिशा में बड़े कदम होंगे। विश्वास है कि किसान संगठन भी आने वाले समय में इसे महसूस करेंगे।


