नई दिल्ली, आइएएनएस : कोविड-19 की महामारी के बीच ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने जैसे मुद्दों पर केंद्रीय मंत्रिपरिषद की आगामी बैठक 14 जुलाई को होने जा रही है, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी कोविड के कारण पैदा हुई स्थितियों से निपटने के लिए मंत्रियों से उनकी संक्षिप्त कार्ययोजना लेंगे।
महामारी ने अर्थव्यवस्था के सभी पहलुओं, खासकर चिकित्सा क्षेत्र को प्रभावित किया है। इस दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा शिक्षा मंत्रालयों से जुड़े मुद्दों पर उल्लेखनीय चर्चा हो सकती है।
अब स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी मनसुख मांडविया देख रहे हैं, जबकि शिक्षा मंत्रालय धर्मेंद्र प्रधान के पास चला गया है। सात जुलाई को 75 सदस्यीय मंत्रिपरिषद में व्यापक फेरबदल के बाद यह दूसरी बैठक होगी।
इस फेरबदल में मंत्रिपरिषद में 36 नए मंत्री शामिल किए गए थे, जबकि सात को प्रोन्नति दी गई थी। अगले ही दिन पीएम मोदी ने मंत्रीपरिषद की पहली बैठक ली थी। मंत्रिपरिषद व मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रधानमंत्री सामान्य तौर पर इस तरह की बैठकें करते ही हैं।


