जेनेरियो, एपी : ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सनारो को लगातार दस दिन तक हिचकी आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों का कहना है कि उनकी आंत में रुकावट आ गई है।
उनकी सर्जरी करनी होगी। 66 वर्षीय बोल्सनारो को हिचकियां न रुकने के बाद ब्रासीलिया में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनकी कई जांच के बाद आंत में रुकावट पाई गई है। उल्लेखनीय है कि ब्राजील के राष्ट्रपति पर 2018 में चुनाव अभियान के दौरान पेट में छुरा मारकर घातक हमला किया गया था।
उनकी आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा था और कई सर्जरी हुई थीं। बोल्सनारो के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से उनकी अस्पताल में भर्ती के दौरान की फोटो भी साझा की गई है।
राष्ट्रपति ने 7 जुलाई को रेडियो गुएबा पर एक साक्षात्कार के दौरान बोलते हुए हिचकियां आने पर माफी भी मांगी थी। बोल्सनारो को सर्जरी के लिए साओ पालो के अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है।


