नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने विंटेज मोटर वाहनों के पंजीकरण की प्रक्रिया को औपचारिक रूप दे दिया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ऐसे वाहनों को संरक्षित करने और उन्हें बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
पिछले साल नवंबर में सरकार ने कहा था कि वह पुराने मोटर वाहनों की पंजीकरण प्रक्रिया को औपचारिक रूप देना चाहती है। इस संबंध में प्रस्तावित नियमों के लिए जनता से राय मांगी गई थी।
गडकरी ने इस बारे में एक ट्वीट में कहा कि विभिन्न प्रदेशों में ऐसे वाहनों के पंजीकरण के लिए कोई नियम नहीं है।
नए नियमों से ना केवल पहले से पंजीकृत वाहन अपना पुराना नंबर बनाए रख सकेंगे बल्कि नए पंजीकरण के दौरान उन्हें यूनीक पंजीकरण सीरीज वीए मिलेगी। विंटेज की श्रेणी में उन सभी दोपहिया और चौपहिया वाहनों को रखा गया है, जो 50 वर्ष से अधिक पुराने हैं।
हालांकि ऐसे वाहनों को विंटेज नहीं माना जाएगा, जिनकी चेसिस या बॉडी में कोई परिवर्तन किया गया हो या फिर वाहन का इंजन बदला गया हो।


