फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया कंपनियों पर भड़के बाइडेन, कहा- ये गलत सूचना से लोगों को मार रहे हैं

वाशिंगटन : कोरोना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर चल रही गलत जानकारियों वाली सामग्री से अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बेहद खफा हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि फेसबुक जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म गलत जानकारी फैला कर लोगों को मार रहे हैं।

बाइडन का बयान अमेरिका के सर्जन जनरल विवेक मूर्ति के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इंटरनेट मीडिया वैक्सीन के बारे में भ्रामक जानकारी देकर सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरे पैदा कर रहा है। ज्ञात हो कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का भी मानना है कि महामारी में गलत जानकारी एक तरह से इंफोडेमिक है।

अपने सप्ताहांत में मैरीलैंड के कैंप डेविड के लिए मेरीन वन से प्रस्थान करते समय विवेक मूर्ति के हालिया बयान के बाद जब पत्रकारों ने बाइडन से पूछा कि क्या उनका फेसबुक जैसे मीडिया प्लेटफार्म के लिए के लिए कोई संदेश है, जिसके कारण वैक्सीन के बारे में भ्रामक जानकारी फैल गई है। उन्होंने सीधे कहा, ‘वे लोगों को मार रहे हैं।

अब केवल महामारी उन लोगों के लिए है, जो वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं।’ बाइडन की इस टिप्पणी का सीधा संकेत है कि वह टीका न लगवाने वाले और इस संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के प्रति बेहद आक्रामक हैं।

फेसबुक ने किया राष्ट्रपति के बयान को खारिज : फेसबुक के प्रवक्ता डैनी लीवर ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि हम उन आरोपों से विचलित नहीं होंगे, जो तथ्यों के आधार पर नहीं हैं। फेसबुक के दो सौ करोड़ यूजर ने कोरोना और वैक्सीन के संबंध में आधिकारिक जानकारी को देखा है। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter