जयपुर : राजस्थान भाजपा में गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समर्थक पूर्व मंत्री रोहिताश्व कुमार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बयान देने का आरोप था।
इस बारे में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने रोहिताश्व कुमार को निष्कासित किए जाने का आदेश शनिवार को जारी किया । उनको पार्टी विरोधी बयानबाजी के लिए पहले भी नोटिस दिया जा चुका था।
भाजपा से निष्कासित किए जाने से पहले रोहिताश्व कुमार ने मीडिया में बयान दिया था कि मैं उन दिग्गज नेता नवल किशोर शर्मा का शिष्य रहा हूं, जिन्होंने गुजरात के राज्यपाल रहते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को क्लीनचिट दी थी। उन्होंने कहा कि शर्मा सिद्धांतवादी नेता थे ।
आजकल जो राज्यपाल बनते हैं, वह सरकार के इशारे पर काम करते हैं । उल्लेखनीय है कि रोहिताश्व कुमार पहले कांग्रेस में थे।
बाद में वह भाजपा के दिग्गज नेता भैरोंसिंह शेखावत के नेतृत्व में भाजपा में शामिल हुए थे। बोले-गर्त में चली जाएगी पार्टी रोहिताश्व कुमार ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें कुछ भी ज्ञान नहीं है ।
वह मुझे सिद्धांत सिखाते हैं,लेकिन उनके जैसे चाटुकारों के कारण पार्टी गर्त में चली जाएगी। शर्मा जैसे लोग चमचागिरी करेंगे तो भाजपा को डूबो देंगे । उन्होंने शर्मा पर वसुंधरा राजे के खिलाफ साजिश करने का आरोप भी लगाया ।


