मध्य प्रदेश के राज्यपाल सहित कई मंत्रियों ने उपराष्ट्रपति नायडू से की मुलाकात

नई दिल्ली : मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल और केंद्रीय मंत्रियों में निर्मला सीतारमण, अनुराग ठाकुर, किरन रिजिजू और धर्मेंद्र प्रधान समेत कई अन्य मंत्रियों ने शनिवार को उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू से मुलाकात की।

सभी उपराष्ट्रपति से अलग-अलग मिले। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें ट्वीट की हैं।

हाल ही में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में हुए फेरबदल में कई नए मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है। कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव किए गए हैं और कुछ का राज्यमंत्री से केंद्रीय मंत्री के रूप में दर्जा बढ़ाया गया है।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शनिवार को नायडू से हुई मुलाकात औपचारिक थी। यह मुलाकात संसद का सोमवार से शुरू होने जा रहे मानसून सत्र से पहले हुई है।

नायडू राज्यसभा के सभापति भी हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ दोनों वित्त राज्यमंत्रियों भागवत किशनराव कराड और पंकज चौधरी ने भी उपराष्ट्रपति से मुलाकात की।

नायडू से मुलाकात करने पहुंचे अन्य मंत्रियों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण एवं श्रम मंत्री भूपेंदर यादव तथा स्वास्थ्य एवं रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया भी शामिल थे।

उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार रेलवे, संचार, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना तकनीक मंत्री अश्विनी वैष्णव, कानून मंत्री किरन रिजिजू, सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सूचना एवं प्रसारण, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री एल. मुरुगन आदि भी मिलनेवालों में शामिल थे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter