कांवड़ पर कोरोना भारी : यूपी-उत्तराखंड के बाद दिल्ली सरकार ने भी यात्रा पर लगाई रोक

नई दिल्ली : उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बाद दिल्ली सरकार ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है। हरियाणा भी इसके पक्ष में नहीं है और जल्द ही रोक की घोषणा कर सकता है।

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने कोरोना के खतरे को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया है।

मुख्य सचिव विजय देव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राजधानी में कोरोना के संबंध में स्थिति अभी पूर्णत: ठीक नहीं है।

इसलिए कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाया जाता है ताकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने सभी जिलों के डीएम से कांवड़ पर लगे प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है.

उधर, हरियाणा सरकार भी सैद्धांतिक रूप से कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं देने का फैसला ले चुकी है, लेकिन इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अगले एक दो दिन में जारी किए जा सकते हैं।

हरियाणा सरकार ने पिछले साल भी कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी थी। इस बार कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जा सकती है। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter