नगर में 8 स्थानों पर अता की जाएगी ईद की नमाज, मस्जिद एवं ईदगाह पर रहेगी मास्क और सेनेटाइजर की व्यवस्था

Datia News : दतिया ।  ईद-उल-जुहा (बकरा ईद) पर की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर संजय कुमार की अध्यक्षता में न्यू कलेक्ट्रेट में जिला शांति समिति की बैठक सोमवार को सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक सेवढ़ा घनश्याम सिंह, रजनी प्रजापति, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, जिला पंचायत सीईओ अतेन्द्र सिंह गुर्जर आदि उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने 21 जुलाई को बकरा ईद पर की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मस्जिदों एवं ईदगाहों के आस-पास साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। अनावश्यक रूप से आवागमन अवरूद्ध न हो इसके लिए यातायात पुलिस विशेष ध्यान दें।

कलेक्टर ने कहाकि ईदगाह एवं मस्जिदों में आयोजित होने वाली नमाज के दौरान कोविड गाईड लाईन का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। नमाज के दौरान जो पंक्तियां बनाई जाए उनमें पर्याप्त दूरी रखी जाए।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए आपस में गले न मिले, मास्क आवश्यक रूप से लगाएं और नमाज के पूर्व मस्जिदों और ईदगाह पर सेनेटाईजर की विशेष व्यवस्था रखी जाए। नगर के आठ स्थानों पर ईद की नमाज अता की जाएगी। जहां पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ-साथ पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को तैनात रहेंगे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक राठौड ने कहाकि कुर्बानी के बचे शेष भाग को खुले में न फेकें। उन्होंने यातायात प्रभारी को निर्देश दिए कि मस्जिदों एवं ईदागह पर नमाज अता की जाएगी, उस दौरान यातायात अवरोध न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में मुस्लिम समुदाय के रफीक राईन ने बताया कि मस्जिदों एवं ईदगाह के बाहर एक सेनेटाईजर एवं मास्क की व्यवस्था रखी जाएगी। इसके बाद ही मस्जिद एवं ईदगाह में प्रवेश हो सकेगा। नमाज के दौरान कोविड गाईड लाईन का पूरी तरह से पालन करते हुए कोरोना के संक्रमण को देखते हुए आपस में गले नहीं मिलेंगे।

बैठक में समिति के सदस्य के रूप में डा.राजू त्यागी, लाखन लाल भारती, हरगोविंद अहिरवार, राहत अली जैदी, वहीद खान, सुनील कुमार कुकरेजा, हाजी रफीक राईन, अतुल भूरे चौधरी, प्रशांत ढेंगुला, मीनाक्षी कटारे, आदि उपस्थित रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter