लौट रहा तालिबान का राज? अमेरिका ने भी माना, आधे अफगानिस्तान पर जमाया कब्जा

वाशिंगटन, आइएएनएस : अमेरिका ने मान लिया है कि अफगानिस्तान में तालिबान का दबदबा बढ़ रहा है। युद्ध प्रभावित इस देश का आधा हिस्सा इस आतंकी संगठन के कब्जे में आ चुका है।

अमेरिका के एक शीर्ष जनरल ने कहा कि अफगानिस्तान के कुल 419 जिला केंद्रों में से 212 पर अब तालिबान का कब्जा है। अमेरिकी बलों की वापसी शुरू होने के बाद से ही तालिबान रणनीतिक तौर पर मजबूत होता जा रहा है।

अमेरिकी ज्वाइंट चीफ आफ स्टाफ के चेयरमैन मार्क मिले ने बुधवार को पेंटागन में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘इस समय अफगानिस्तान में हिंसा बढ़ गई है। हम स्थिति की समीक्षा करने जा रहे हैं।’

उन्होंने इस बात को लेकर भरोसा जताया कि अफगान बलों में देश को तालिबान के कब्जे से मुक्त कराने की क्षमता है। मार्क ने कहा, ‘अफगानिस्तान की सुरक्षा को लेकर यहां की सरकार, लोगों और सुरक्षा बलों की परीक्षा होने जा रही है।’

मार्क ने बताया कि अभी तक तालिबान आतंकियों का अफगानिस्तान की 34 प्रांतीय राजधानियों में से किसी पर कब्जा नहीं हुआ है। लेकिन वे तकरीबन आधी राजधानियों पर दबाव बना रहे हैं।

इस बीच, अफगान सुरक्षा बल राष्ट्रीय राजधानी काबुल समेत प्रमुख शहरों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं। इस देश से अमेरिकी बलों की वापसी शुरू होने के बाद से अफगान बलों और तालिबान के बीच संघर्ष बढ़ गया है।

95 फीसद अमेरिकी बलों की हो चुकी वापसी अफगानिस्तान में 20 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अब अमेरिकी बल इस देश को छोड़ रहे हैं।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि 95 फीसद से ज्यादा बलों की स्वदेश वापसी हो चुकी है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने यह एलान किया है कि अमेरिका का अफगान मिशन 31 अगस्त को खत्म हो जाएगा।

जबरन धन जमा कर रहे आतंकी समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में तालिबान आतंकी लोगों से जबरन धन वसूल रहे हैं।

वे अपने संगठन में लोगों की जबरन भर्ती भी कर रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आतंकी उन इलाकों में ऐसा कर रहे हैं, जहां उनका नियंत्रण है। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter