नई दिल्ली : कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को अपना समर्थन दिया और कांग्रेस के सांसदों ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य सांसद इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के बाहर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के दोनों सदनों के सदस्यों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।
तख्तियां और होर्डिंग लिए हुए कांग्रेस सांसदों ने आंदोलनकारी किसानों और उनकी मांगों के समर्थन में भी नारे लगाए।
राहुल बोले, सब याद रखा जाएगा समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार, राहुल गांधी ने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान आक्सीजन संकट को लेकर केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा।
उन्होंने ‘आक्सीजन शार्टेज’ हैशटैग के साथ ट्वीट किया, सब याद रखा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लोगों को आक्सीजन सिलेंडर की खोज करते देखा जा सकता है।


