कोलकाता : भाजपा की बंगाल इकाई ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा 16 अगस्त को ‘खेला होबे दिवस’ के तौर पर मनाये जाने पर आपत्ति जताई है और कहा कि 1946 में इसी दिन मुस्लिम लीग ने ‘डायरेक्ट एक्शन डे’ घोषित किया था, जिसके चलते भड़के दंगों में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा पिछले वर्षों की तरह ही इस बार भी 16 अगस्त को ‘बंगाल बचाओ दिवस’ के रूप में मनाएगी।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही इस बात की घोषणा की है कि वह करीब 40 साल पहले फुटबाल मैच के दौरान मारे गए फुटबाल प्रेमियों की याद में 16 अगस्त को ‘खेला होबे दिवस’ के तौर पर मनाएगी। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा इस तारीख के चयन करने को लेकर घृणा फैलाने का प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 16 अगस्त 1980 को ईडेन गार्डेन में ईस्ट बंगाल और मोहन बगान क्लबों के बीच कलकत्ता फुटबाल लीग के एक मैच के दौरान मची भगदड़ और हिंसा में 16 दर्शक मारे गये थे।
बताते चलें कि हाल में संपन्न बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता व तृणमूल कांग्रेस ने खेला होबे के नारे को खूब भुनाया था। यह नारा काफी लोकप्रिय हुआ था।
इसके बाद ममता ने हाल में 16 अगस्त को हर साल खेला होबे दिवस के रूप में मनाने की घोषणा कर दी। इस दिन राज्य सरकार एक लाख फुटबाल भी बांटेगी। विभिन्न फुटबाल क्लबों एवं ग्रामीण व शहरी इलाकों में इस फुटबाल का वितरण किया जाएगा।


