जिम्मेदारी : दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर बने राकेश अस्थाना, मोदी सरकार ने की नियुक्ति

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस में मंगलवार रात एक बड़ा फेर बदल किया गया है। गुजरात कैडर के 1984 बैच के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त बनाया गया है। अस्थाना सरकार के करीबी माने जाते हैं।

वह अभी तक बीएसएफ के डीजी के पद पर तैनात थे। दो दिन बाद अस्थाना सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन नई जिम्मेदारी के साथ उन्हें एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है। इससे वह 31 जुलाई 2022 तक दिल्ली पुलिस के आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल सकेंगे।

वहीं, दिल्ली पुलिस आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे बालाजी श्रीवास्तव को गृह मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। दिल्ली पुलिस के इतिहास में यह दूसरा मौका है, जब गैर यूटी कैडर के आइपीएस को आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

इनसे पहले 1999 में भाजपा की सरकार में यूपी कैडर के आइपीएस अजय राज शर्मा को दिल्ली पुलिस का आयुक्त बनाया गया था। वह करीब तीन साल तक आयुक्त रहे थे। उनको आयुक्त बनाए जाने का मामला उस समय सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।

बालाजी के पास रहेगी विजिलेंस की जिम्मेदारी : 1988 बैच के यूटी कैडर के आइपीएस बालाजी श्रीवास्तव के पास अब केवल विजिलेंस की जिम्मेदारी रहेगी।

वह विशेष आयुक्त विजिलेंस के पद पर बने रहेंगे। एसएन श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के बाद 30 जून को उन्हें दिल्ली पुलिस आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी।

वह इस पद पर महज 28 दिन ही रह पाए। बालाजी श्रीवास्तव को अचानक क्यों हटाया गया। इसे लेकर आइपीएस में कयास लगाए जाते रहे। राहुल गांधी के ट्रैक्टर लेकर संसद मार्ग पहुंच जाने को लेकर भी इसकी एक वजह माना जा रहा है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!