Punjab : सिद्धू ने फिर कैप्टन पर साधा निशाना, बोले- प्रयास नहीं परिणाम चाहिए

जालंधर : पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनने के बाद पहली बार जालंधर दौरे पर आए नवजोत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर एक बार फिर निशाना साधा। कहा, किसी इंसान की काबिलियत का पता इससे चलता है कि किसी भी काम को उस व्यक्ति ने किस तरह से पूरा किया है। प्रयास करने से ज्यादा परिणाम जरूरी है।

सिद्धू ने यह प्रतिक्रिया बीते दिन कैप्टन की तरफ से विभिन्न मुद्दों पर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास की बात पर दी। सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा पंजाब के लोगों व उनके हितों की पहरेदारी की है।

अब पंजाब में कांग्रेस हाईकमान द्वारा दिए गए 18 सूत्रीय फार्मूले को लागू करवाया जाएगा और इसे सरकार को लागू करना ही पड़ेगा।

गुरुवार को सिद्धू ने जालंधर के कांग्रेस भवन में कांग्रेसियों को संबोधित करने से पहले मीडिया से बातचीत में नए कृषि कानूनों का जिक्र किए बिना कहा कि केंद्र सरकार को तीन काले कानूनों को रद करना ही पड़ेगा। यह कानून राज्यों के अधिकारों पर डाका हैं। असंवैधानिक है।

उन्होंने कहा कि सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) की तरह इन कानूनों का डटकर विरोध करना पड़ेगा। उन्होंने बिजली के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी व पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को कठघरे में खड़ा किया। कहा, दिल्ली माडल से अच्छा पंजाब माडल है।

पंजाब में 10 हजार करोड़ की बिजली सब्सिडी दी जा रही है जबकि दिल्ली में यह 1700 करोड़ है। सिद्धू ने कहा कि 1.99 रुपये में सोलर एनर्जी पड़ रही है, लेकिन मजीठिया ने 17 रुपये में कंपनियों के साथ करार किया था।

इन समझौतों को रद करना होगा। पंजाबियों को सस्ती बिजली न मिल पाने को लेकर उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना बादल सरकार को दोषी ठहराया। कहा कि बादल द्वारा किए गए समझौते इसके लिए जिम्मेवार हैं।

नशे की लिफाफा बंद रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए : प्रधान बनने के बाद सिद्धू की वरीयता सूची में पहले नंबर से खिसककर पांचवे नंबर पहुंचे बेअदबी के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने नशे को लेकर एसटीएफ द्वारा तैयार करके हाई कोर्ट में जमा करवाई गई लिफाफा बंद रिपोर्ट को भी लिफाफे से बाहर निकालने की वकालत की। कहा कि सत्ता व पिंडी जैसे लोग जो लाल बत्तियों की गाड़ियों में घूमते थे उन्हें व उनके साथ संबंध रखने वाले छह फुट चार इंच लंबे इंसान को भी बेनकाब करने के लिए लिफाफा बंद रिपोर्ट का खुलना जरूरी है। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter