Datia News : दतिया। बिजली कंपनी की विजिलेंस टीम की कार्रवाई के विरोध में तहसील के सामने भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलनकारियों से मिलने पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया पहुंचे। जहां उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे व्यापारी व आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना।
आंदोलनकारियों ने शैलू गुबरैले के नेतृत्व में पूर्व विधायक को आंदोलन से अवगत कराने के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान तथा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। पूर्व विधायक ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि इन ज्ञापन के माध्यम से उनकी मांग से सीएम और ऊर्जा मंत्री दोनों को अवगत कराकर जल्दी समस्या का निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस मामले में पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया ने कहाकि वर्तमान एई सुरेंद्र गुप्ता के कार्य व्यवहार की शिकायतें उनके कार्यकाल में भी आई थी। जिसके बाद उन्होंने इनका तबादला यहां से करा दिया था। उन्होंने कहाकि मैंने अपने कार्यकाल में आम जनता को बिजली की किसी भी समस्या को लेकर कभी परेशान नहीं होने दिया।
गौरतलब है कि गत शुक्रवार को बिजली कंपनी के स्थानीय कार्यालय पर महाप्रबंधक सुधीर शर्मा और आंदोलनकारियों के प्रतिनिधि मंडल के बीच लगभग डेढ़ घंटे आमने-सामने की चर्चा हुई थी।
जिसमें विजिलेंस टीम की कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए व्यवस्था सुधारने और विजिलेंस टीम की जुर्माने की कार्रवाई को मौके पर ही निरस्त करने की मांग रखी गई थी। जो न माने जाने पर वार्ता विफल हो गई और क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी गई।
यह है पूरा मामला
भांडेर में गत 16 जुलाई को विजिलेंस टीम ने 133 लोगों के यहां छापामार कार्रवाई की थी। जिसके बाद उक्त लोगों को लोड सेटिंग के नाम पर भारी भरकम राशि के बिल थमा दिए गए। जिसे लेकर लोगांे में असंतोष भड़क गया और जब उनकी बात बिजली कंपनी के अधिकारियों ने नहीं सुनी तो उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा।


