रंजिश के चलते अधेड़ को घेरकर मारी गोली, गंभीर हालत में रेफर, हमलावरों ने घर के बाहर रखा वाहन भी जलाया था

Datia News : दतिया । भांडेर थाना क्षेत्र ग्राम सोफ़्ता में पुरानी रंजिश के चलते एक अधेड़ के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर उसे गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी भांडेर रवींद्र सिंह गुर्जर ने इस संबंध में बताया कि ग्राम सोफ़्ता निवासी कल्यान साहू पुत्र वृंदावन 55 को गांव के चार लोगों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर गोली मार दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि गांव के बच्चा यादव, प्रह्लाद यादव, खेंती यादव तथा दशरथ यादव ने गांव के रास्ते में कल्यान को घेर लिया और लाठी-डंडे से उसकी मारपीट कर दी। इस दौरान उक्त लोगों ने बंदूक से फायर भी किए। जिसकी गोली कल्यान के एक हाथ और एक पैर में लगी है। लाठी से मारपीट के चलते उसका दूसरा पैर भी चोटिल हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल कल्यान को भांडेर अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर रखी पिकअप को भी आग लगा चुके हैं हमलावर

घायल व्यक्ति के स्वजनों ने बताया कि अब से लगभग एक साल पहले घर के बाहर रखी पिकअप वेन को भी हमलावरों ने जला दिया था। जिसकी शिकायत भांडेर थाने में भी की गई थी। अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे, जिन्होंने फिर मौका मिलते ही कल्यान पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपित भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter