नई दिल्ली : कोरोना महामारी की चपेट से केरल उबर नहीं पा रहा है। राज्य में एक बार फिर 20 हजार से ज्यादा मामले पाए गए हैं। सोमवार को राज्य में 13 हजार केस मिलने पर कुछ राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन मंगलवार को यह टूट गई। 148 लोगों की जान भी गई है।
हालात को काबू में करने के लिए केंद्र की तरफ से भेजे गई विशेषज्ञों की टीम ने राज्य सरकार से टीकाकरण में तेजी लाने और जल्द से जल्द सीरो सर्वे कराने को कहा है। केरल सरकार की तरफ से जानकारी दी गई है कि मंगलवार को राज्य में 23,676 नए मरीज पाए गए और 15,626 मरीज स्वस्थ हुए। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 1,73,221 हो गई है।
राज्य में मंगलवार को संक्रमण दर 11.87 फीसद रही। सबसे ज्यादा मलप्पुरम में 4,276 केस मिले हैं। राज्य में हालात को नियंत्रित करने में स्थानीय प्रशासन की मदद करने के लिए केंद्र ने छह सदस्यीय टीम भेजी थी।
इस टीम ने उन छह जिलों का दौरा किया, जहां सबसे ज्यादा नए मामले मिल रहे हैं। टीम ने राज्य सरकार से सीरो सर्वे कराने को कहा, जिससे यह पता चल सकेगा कि अब तक कितने फीसद लोग संक्रमित हो चुके हैं।
इससे संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सटीक रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। इस बीच, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) ने राज्य में बढ़ते मामलों पर गंभीर चिंता जताई है। उसने राज्य के आधे से ज्यादा आबादी के संक्रमण की जद में आने की आशंका भी जताई है।
महाराष्ट्र में पाबंदियों में ढील महाराष्ट्र के कई जिलों में मंगलवार से कोरोना संबंधी प्रतिबंधों में ढील दी गई। दुकानों, माल, पार्कों को अधिक समय तक खोलने की अनुमति दी गई है। दफ्तर भी अब पूरी क्षमता से खुल सकेंगे। हालांकि, सिनेमा हाल, स्कूल और पूजा स्थलों को अभी बंद ही रखा गया है।


