नई दिल्ली, एएनआइ : देश में कोरोना वैक्सीन के उत्पादन में असाधारण वृद्धि हुई है। पहले जहां प्रतिदिन ढाई लाख डोज का ही उत्पादन होता था, वह बढ़कर अब 40 लाख डोज हो गया है।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती प्रवीण पवार ने कहा कि वैक्सीन उत्पादन की क्षमता में इस वृद्धि के साथ और बेहतर तरीके से लोगों का टीकाकरण किया जा सकता है। भारत ने इस साल के आखिर तक सभी पात्र लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है।
यह संख्या 90 करोड़ के आसपास है। स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने बताया कि बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन का परीक्षण भी चल रहा है। उन्होंने देश में 50 करोड़ डोज लगाने पर भी खुशी जताई और कहा कि मीडिया के जरिये सरकार यह संदेश दे रही है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण बहुत महत्वपूर्ण है।
वहीं, समाचार एजेंसी प्रेट्र के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को बताया कि देश में प्रतिदिन औसतन 43.41 लाख डोज लगाई जा रही हैं और अकेले जुलाई में ही कुल 13.45 करोड़ डोज लगाई गईं। मांडविया ने ट्वीट कर कहा कि भारत ‘सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन’ के रास्ते पर तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है।
कोरोना महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई मजबूत हो रही है। हर महीने टीकाकरण का दायरा बढ़ रहा है। केंद्र ने राज्यों को अब तक 51.66 करोड़ डोज मुहैया करार्इं स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की कुल 50.10 करोड़ डोज लगाई गई हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 49.55 लाख डोज दी गईं।
मंत्रालय ने बताया कि केंद्र की तरफ से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 51.66 करोड़ डोज मुहैया कराई गई हैं। जल्द ही इन्हें 55.52 लाख डोज और मिल जाएंगी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अभी 2.29 करोड़ डोज बची हुई हैं। –


