नई दिल्ली : कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित है। इसकी बहाली के लिए जरूरी प्रक्रिया चल रही है।
पार्टी ने यह भी बताया कि ट्विटर अकाउंट बहाल होने तक वह सोशल मीडिया के दूसरे मंचों का उपयोग कर जनता की आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित हुआ है। इसकी बहाली के लिए जरूरी प्रक्रिया चल रही है।
‘ पार्टी ने कहा, ‘अकाउंट बहाल होने तक राहुल सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफार्म के साथ आपके साथ जुड़े रहेंगे और लोगों के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उनकी लड़ाई जारी रहेगी। जय हिंद।’ सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में दुष्कर्म और हत्या के मामले की नौ वर्षीय पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर ट्विटर पर साझा करने के मामले में राहुल गांधी का अकाउंट निलंबित हुआ है।
ट्विटर ने शुक्रवार रात राहुल गांधी के इस पोस्ट को हटा दिया था। पिछले दिनों जब राहुल गांधी ने इस तस्वीर को साझा किया था तो उसके बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने ट्विटर और दिल्ली पुलिस को पत्र भेजकर इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था।


