सोनीपत : हरियाणा में सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र के एक गांव में मां के सामने ही दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
इतना ही नहीं, दुष्कर्म के बाद आरोपितों ने दोनों बहनों को कीटनाशक पिला दिया। दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। आरोपितों ने लड़कियों की मां को उसके बेटों को मारने की धमकी देकर मुंह बंद रखने की धमकी दी।
साथ ही बेटियों की मौत सर्पदंश से होने की बात कहने पर मजबूर कर दिया,लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म व कीटनाशक से मौत का पता लगने के बाद राज खुल गया। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
सभी बिहार के रहने वाले हैं। मूलरूप से बिहार की रहने वाली विधवा महिला अपनी दो बेटियों व दो बेटों के साथ कुंडली थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर बने मकान में किराये पर रहती है। उसके पड़ोस के दूसरे मकान के कमरों में बिहार के युवक भी रहते हैं।
महिला पांच अगस्त की रात को कमरे में अपनी 14 व 16 साल की बेटियों के साथ सो रही थी। उसके बेटे छत पर सो रहे थे। रात में करीब दो बजे वह लघुशंका के लिए कमरे से बाहर निकली तो पड़ोस में रहने वाले चार युवक कमरे में घुस गए। उन्होंने कमरे में उसकी बेटियों को दबोच लिया।
इसी बीच महिला वापस आई तो आरोपितों ने उसका मुंह दबाकर एक तरफ बैठा लिया। आरोपितों ने दोनों नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद दोनों बहनों को कमरे में रखा कीटनाशक पिला दिया। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
आरोपितों ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसके बेटों को भी मार देंगे। उन्होंने महिला से कहा कि कोई पूछे तो बता देना कि इनको सांप ने डंस लिया है। सुबह तक दोनों लड़कियों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
मकान मालिक की मदद से दोनों को दिल्ली में नरेला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कुंडली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला ने सर्पदंश से बेटियों की मौत होने की बात कही।
इस पर नरेला में दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया था। उसकी रिपोर्ट सोमवार को मिलने पर पुलिस को लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने और कीटनाशक पिलाने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बयान कर दी।
मां के सच्चाई बताने के बाद पुलिस ने बिहार के जिला दरभंगा के गांव महागही के रहने वाले अरुण, गांव मुसहेरी के फूलचंद, धयोकली के रहने वाले दुखन और समस्तीपुर के रहने वाले रामसुहाग के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने, जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।