नई दिल्ली : अंकित गुज्जर की हत्या मामले में एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में खुद को कैदी बता रहे एक शख्स का दावा है कि जेल संख्या तीन में हुई अंकित की हत्या का वह चश्मदीद है। मास्क पहना हुआ शख्स वीडियो में कह रहा है कि उसका नाम अरुण नागर है। वह घटना के दौरान जेल संख्या तीन में बंद था।
अंकित जिस सेल में था, वह उसके सामने की सेल में था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसे मंडोली जेल स्थानांतरित कर दिया है। वह दावा कर रहा है कि घटना के बाद से उसे भी जेलकर्मियों की ओर से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही वह डेढ़ लाख रुपये जेलकर्मियों को रिश्वत देने की बात कह रहा है।
जेल महानिदेशक संदीप गोयल का कहना है कि वीडियो की सत्यता जांची जा रही है। घटना के चश्मदीदों का बयान लिया जा रहा है और उस आधार पर कार्रवाई हो रही है। अगर यह वीडियो अरुण नागर का ही है तो इस बात की पड़ताल की जाएगी कि उसके पास मोबाइल कहां से पहुंचा और वीडियो वायरल कैसे किया गया। उधर, जेल में तमाम बंदिशों के बावजूद एक कैदी के मोबाइल पर वीडियो बना लेने की घटना से जेल प्रशासन सकते में है।
हालांकि, यह पहली घटना नहीं है, जब कैदी जेल में वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर वायरल कर रहे हैं। उधर, अंकित गुज्जर हत्या मामले में हरिनगर थाना पुलिस की तहकीकात चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है इस मामले में अभी आरोपितों से पूछताछ चल रही है। जरूरत पड़ी तो सभी को रिमांड पर भी लिया जा सकता है।
जेल में बड़े पैमाने पर तबादले अंकित गुज्जर की हत्या के बाद जेल प्रशासन की काफी किरकिरी हुई है। इस किरकिरी के बाद अब जेल प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर तबादले किए जा रहे हैं। जेल मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के बाद अब जेल संख्या तीन के अधीक्षक का तबादला कर उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
अब जेल संख्या तीन के अधीक्षक का दायित्व जेल संख्या पांच के अधीक्षक राजेश चौधरी को सौंपा गया है। वहीं, जेल संख्या पांच के अधीक्षक की जिम्मेदारी रोहिणी जेल के अधीक्षक को सौंपी गई है। रोहिणी जेल के अधीक्षक का दायित्व जेल मुख्यालय में अधीक्षक के पद पर तैनात राकेश कुमार संभालेंगे। आने वाले समय में और भी अधीक्षकों के तबादले हो सकते हैं।

