मुंबई : सीबीआइ की विशेष अदालत ने गीतांजलि समूह के वाइस प्रेसिडेंट विपुल चितालिया की अस्थायी जमानत मंजूर कर ली।
करोड़ों के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में आरोपित चितालिया को अपनी बेटी की शादी से पहले होने वाली रस्म में भाग लेने के लिए जमानत दी गई है।
घोटाले के सिलसिले में चितालिया को मार्च 2018 में गिरफ्तार किया गया था। हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी इस मामले के मुख्य आरोपित हैं। चितालिया आर्थर रोड जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।
उसने अपनी बेटी की शादी से पहले की रस्म में भाग लेने के लिए जमानत की गुहार लगाई थी। विशेष कोर्ट के न्यायाधीश वीसी बार्डे ने उसे बोरिवली स्थित अपने आवास पर 14 और 15 अगस्त को होने वाली रस्म में पुलिस की निगरानी में शामिल होने की अनुमति दी।


