फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 : खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी, स्वस्थ भारत बनाने की अपील की

नई दिल्ली : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 की शुरुआत दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से हुई। केंद्रीय युवा मामलों व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर व खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रामाणिक ने इस दौड़ को झंडी दिखाई व खुद भी दौड़ लगाई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वस्थ रहने की शपथ दिलाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम आजादी के 75वें वर्ष का जश्न मना रहे हैं।

ऐसे में अगले 25 वर्षों में हमारा राष्ट्र क्या आकार और दिशा लेगा, यह इस पर निर्भर करेगा कि हम कितने फिट हैं। उन्होंने कहा कि एक युवा मन, शरीर और आत्मा स्वस्थ और फिट इंडिया के प्रमुख तत्व हैं। केवल ‘फिट इंडिया’ ही हिट इंडिया बनाएगा। हर नागरिक को फिट इंडिया अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।

खेल मंत्री ने असम के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कार्मिकों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि 75 स्थानों के लोग इस आंदोलन में शामिल होंगे और प्रत्येक व्यक्ति तक यह पहुंचेगा। बीएसएफ के जवान अटारी सीमा से इसमें शामिल हुए और बातचीत के दौरान मंत्री ने बीएसएफ कर्मियों को फिट इंडिया आंदोलन को प्रत्येक गांव तक ले जाने के लिए कहा। ठाकुर ने बताया कि यह अभियान 75 ऐतिहासिक स्थानों से शुरू किया गया है, जो देशभर के सभी जिलों तक पहुंचेगा। इसके बाद 75 गांवों में जाकर ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ अभियान को बढ़ावा देगा।

फ्रीडम रन 15 अगस्त से शुरू होगा और दो अक्टूबर, 2021 तक चलेगा। हमारा लक्ष्य अभियान के माध्यम से देश भर में 7.50 करोड़ से अधिक युवाओं और नागरिकों तक पहुंचना है। कार्यक्रम में खेल विभाग के सचिव रवि मित्तल और युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव उषा शर्मा भी उपस्थित रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!