पति ने उठाया हाथ तो मार दी कनपटी पर गोली ,रात भर बैठी रही शव के पास

हथगाम (फतेहपुर) : डिघुवारा पश्चिमी मोहल्ले में शुक्रवार रात एक महिला ने लाइसेंसी बंदूक से सो रहे पति की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले पति ने उसके साथ दो बार मारपीट की थी। हत्या के बाद पत्नी अपनी बेटी के साथ पूरी रात पति के शव के पास बैठी रही।

शनिवार सुबह खुद थाने पहुंचकर जानकारी दी। पुलिस ने घर पर जाकर बंदूक और कारतूस को कब्जे में ले लिया। हथगाम थाना क्षेत्र के बड़ी संझिया गांव के मूल निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश मौर्य सिठौरा रोड पर मशीनरी स्टोर की दुकान खोले हुए थे।

घर में पत्नी श्रीमती देवी और बेटी लक्ष्मी रहती हैं। घर में अक्सर झगड़े से परेशान बड़ा बेटा इंद्रजीत पत्नी व बच्चों के साथ अलग रहता है। शुक्रवार रात ओमप्रकाश का किसी बात पर पत्नी से झगड़ा हो गया।

पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद वह बाइक लेकर कहीं निकल गए थे। देर रात लौटने पर पत्नी को दोबारा पीटा। रात दो बजे नाराज पत्नी ने सोते समय पति की कनपटी से बंदूक सटाकर गोली मार दी।

पड़ोसियों के मुताबिक, शनिवार सुबह पत्नी खुद थाने गई और हत्या की जानकारी दी। इधर, थाना प्रभारी आदित्य सिंह का कहना है कि मृतक की पुत्री की सूचना पर मौके पर गए थे और महिला को घर से हिरासत में लिया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter