जोधपुर: अपने ही आश्रम की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के मामले में जोधपुर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आसाराम की तबीयत शनिवार को एक बार फिर खराब हो गई है।
उसके समर्थकों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया गया है कि आसाराम के लिवर का साइज बढ़ गया है। साथ ही उसे पेशाब करने में भी दिक्कत हो रही है ।
उसकी एक किडनी में भी हल्की सूजन है। इधर, आसाराम के समर्थकों का कहना कि जेल प्रशासन आसाराम के इलाज को लेकर कोताही बरत रहा है। दूसरी तरफ जेल प्रशासन का कहना है कि आसाराम की गंभीर स्थिति नहीं है । उसे अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं है ।
जरूरत पड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। गौरतलब है कि पूर्व में भी उसकी तबीयत खराब हुई थी, तब उसे जोधपुर के एम्स में भर्ती कराया गया था। हालांकि, वह इलाज के लिए हरिद्वार जाना चाहता था।
समर्थकों का जोधपुर में डेरा आसाराम के समर्थकों का जोधपुर में जमावड़ा भी बढ़ने लगा है। हालांकि, कुछ समर्थक यहां मकान किराए पर लेकर रहते हैं और कुछ आश्रम में भी रहते हैं। अब उसकी तबीयत नासाज के समाचार मिलने पर अन्य क्षेत्रों से भी उसके समर्थक जोधपुर पहुंचने लगे हैं।


