हैलाकांडी (असम), प्रेट्र : असम-मिजोरम सीमा पर शनिवार को कुछ देर की शांति के बाद तनाव फिर बढ़ गया। कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने हैलाकांडी जिले में एक सरकारी शिक्षण संस्थान पर बम विस्फोट किया जिससे स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया।
हैलाकांडी के पुलिस अधीक्षक गौरव उपाध्याय ने बताया कि आधी रात के करीब साहेबमारा में अंतरराज्यीय सीमा के करीब एक प्राथमिक विद्यालय के एक बड़े हिस्से को विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इलाके के स्थानीय लोगों को शक है कि सीमा के दूसरी ओर से आए बदमाशों ने स्कूल में बमबारी की।
एसपी के मुताबिक गहन जांच के बाद ही इसा बारे में पक्की जानकारी मिल सकेगी। उधर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि वे मिजोरम के सीएम को पत्र लिखकर विस्फोट की जांच के लिए अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि चूंकि घटना हमारे क्षेत्र में हुई है इसलिए असम पुलिस इसकी जांच करेगी।
इस बीच, कतलीचेरा से एआइयूडीएफ विधायक सुजम उद्दीन लस्कर ने आरोप लगाया कि मिजोरम के लोगों ने हैलाकांडी के चुन्नी नाला इलाके में सड़क निर्माण कार्य शुरू किया है। उन्होंने असम सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की ओर से निष्कि्रयता ने सीमा विवाद को गंभीर बना दिया है।
आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए मिजोरम के कोलासिब जिले के एसपी ने कहा कि सीमा के दोनों किनारों पर स्थानीय मुखियाओं ने लोगों की सुविधा और आवाजाही में आसानी के लिए सड़कों का निर्माण करने के लिए पारस्परिक रूप से सहमति व्यक्त की है।
असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद 26 जुलाई को कछार जिले में एक खूनी संघर्ष में असम के छह पुलिसकर्मियों और एक नागरिक के मारे जाने के साथ चरम पर पहुंच गया था। दोनों राज्यों में शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थीं। मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था।


