शिमला : हिमाचल के किन्नौर जिला के निगुलसरी में पहाड़ दरकने से हुए हादसे में 28 लोगों की मौत हुई है। हादसे के सातवें दिन मंगलवार को बचाव दल ने तीन और शव मलबे से बाहर निकाले। जिला प्रशासन की सूची के अनुसार अब कोई भी लापता नहीं है, लेकिन फिर भी कुछ दिन खोज अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है। 11 अगस्त को निगुलसरी में पहाड़ दरकने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सहित पांच वाहन मलबे में दब गए थे।
हादसे के दिन 13 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे एसडीएम निचार मनमोहन सिंह व डीएसपी भावानगर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम में शामिल एनडीआरएफ, आइटीबीपी व पुलिस जवानों सहित गृहरक्षकों ने खोज अभियान शुरू किया। मंगलवार को बाहर निकाले शवों की पहचान नहीं हो पाई है, इनमें एक महिला व दो पुरुष शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर में शव रखे गए हैं, जिन्हें शिनाख्त के बाद स्वजन को सौंपा जाएगा।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि अब तक 28 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य अभी दो या तीन दिन तक जारी रहेगा। एसपी एसआर राणा का कहना है कि सभी लापता लोगों के शवों को निकाल लिया गया है, लेकिन सर्च आपरेशन चलेगा, ताकि कोई भी आशंका न रहे।


