शहर में बढ़ते कचरे को देख नपा ने मांगी नए ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन,सीवरेज फिल्टर प्लांट भी लगेगा
दतिया. शहर में कचरा एवं गंदगी का उत्सर्जन पिछले सालों की तुलना में ज्यादा होने लगा है। इसके चलते शहर के बाहर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड अब छोटा पड़ने लगा है। यह वर्तमान में 10 हेक्टेयर पर है। नगर पालिका प्रशासन ने नए ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए जिला प्रशासन से 15 हेक्टेयर जमीन मांगी है। इसमें कचरे को अलग अलग किया जाएगा और उसके निस्तारण के लिए भी संयंत्र लगाने की योजना प्रस्तावित है।

नगर पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर में प्रतिदिन कचरा और गंदगी का औसत बढ़ गया है। इसके तहत अब ट्रेंचिंग ग्राउंड की जमीन भी कम पड़ने लगी है। वर्तमान ट्रेंचिंग ग्राउंड 10 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इस ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरे की मात्रा इतनी ज्यादा हो जाती है कि सड़क पर कचरा आने लगता है। इसके अलावा सड़क और ट्रेंचिंग ग्राउंड के मध्य जो दीवार बनाई गई थी, वह भी अभी आधी अधूरी है। नगर पालिका की योजना है कि वर्तमान ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरा प्रोसेसिंग यूनिट लगाई लगाई जाए । इसके अलावा कचरे को अलग-अलग कर कचरे को उपयोगी बनाया जाए। दरअसल नगर पालिका के पास सीमित मात्रा में सफाई व्यवस्था का स्टाफ और वाहन उपलब्ध है। प्रतिदिन शहर से कचरा 5 टन से अधिक निकलता है। त्योहारों के दरम्यान यह कचरा दोगुना हो जाता है। पूर्व में नई सफाई व्यवस्था को लेकर कचरे के लोडिंग और अनलोडिंग का स्थान बदला गया था। अब आगामी वर्षो की स्थिति को देखते हुए प्रोसेसिंग यूनिट, कचरा सेपरेशन, वाहन एवं मानव संसाधन का भरपूर उपयोग करते हुए नगर पालिका ने नई सफाई व्यवस्था शहर में लागू करने की योजना बनाई है।

ट्रेंचिंग ग्राउंड की भी होगी सफाई

सेवढ़ा रोड पर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड की भी नए सिरे से व्यवस्था की जा रही है । इसके तहत सड़क पर आने वाले कचरे को ट्रेंचिंग ग्राउंड के अंदर की ओर ले जाया जाएगा । सड़क किनारे स्थित दीवार को भी ठीक किया जाना है। यह कार्य दीपावली से पूर्व किए जाने की योजना है। ताकि ट्रेंचिंग ग्राउंड पर रखा कचरा सड़कों पर ना फैले। इसी ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सीवरेज पानी लाकर यहां ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की योजना भी है, ताकि शहर के गंदे पानी का उपयोग पुनः किया जा सके।

नए ट्रेंचिंग ग्राउंड का प्रस्ताव

तत्कालीन कलेक्टर संजय कुमार से नगर पालिका ने नए ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन मांगने का प्रस्ताव रखा था । जिसे कलेक्टर ने स्वीकार भी कर लिया था । वर्तमान में आचार संहिता के चलते कोई कार्य नहीं किया जा सकता । इससे यह प्रस्ताव भी ठंडे बस्ते में है। माना जा रहा है कि 12 नवंबर के बाद इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। नए कलेक्टर ने भी इस प्रस्ताव को लेकर रजामंदी जताई है। वर्तमान ट्रेंचिंग ग्राउंड 10 हेक्टर जमीन पर है, जबकि नए ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए नपा ने 15 हेक्टेयर जमीन मांगी है। यह नया ट्रेंचिंग ग्राउंड पर आगामी 10 साल तक के लिए शहर से निकलने वाले कचरे के लिए पर्याप्त जगह होगी।

सीवर प्लान को लेकर भी योजना तैयार

दतिया नगर पालिका सीवर प्लान के तहत एफएसएसएम (सिकल्स स्क्रैच सीवर मैनेजमेंट) योजनाओं पर भी कार्य शुरू करने वाली है। इसके तहत सीवर वाटर में जो अशुद्धियां है, उसको निकाल कर नए सिरे से उस जल को उपयोगी बनाने संबंधी यह योजना है। हालांकि इस योजना को अभी सिद्धांतिक मंजूरी नहीं मिली है। नगरपालिका इसके लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर रही है। दतिया नगर पालिका यदि इन योजनाओं को ठीक से लागू कर देती है तो संभव है कि दतिया भी स्वच्छता के मामले में देश के उन शहरों में शामिल हो सकता है जो वर्तमान में सफाई मामले में पुरस्कृत हो रहे हैं। बता दें कि अभी दतिया नगर पालिका का नंबर किसी भी तरह से सफाई में किसी भी स्तर पर नहीं आता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter