किसान संघ 8 सितंबर को जिला स्तर पर करेगा धरना-प्रदर्शन संघ की कार्यकारिणी का हुआ गठन

 दतिया. भारतीय किसान संघ की त्रिवर्षीय जिला कार्यकारिणी का गठन गत दिवस स्थानीय वाटिका में किया गया। जिसमें नवीन कार्यकारिणी गठन उपरांत नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य एवं संघ के अन्य पदाधिकारी-कार्यकर्ता रैली के साथ पटेल चौराहा स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नई कार्यकारिणी में अशोक शर्मा पंडा जिला अध्यक्ष, चंद्रप्रकाश कौरव जिला महामंत्री, नृपाल सिंह कौरव जिला उपाध्यक्ष, लोकेंद्र सिंह राजावत जिला उपाध्यक्ष, शिवनारायण सिंह यादव जिला सहमंत्री, अतुल सिंह कौरव युवा वाहिनी जिला प्रमुख तथा इंद्रपाल सिंह सेंगर को प्रचार प्रमुख नियुक्त किया गया है।

इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर 8 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाने का भी निर्णय लिया गया। इस बारे में प्रांतीय संगठन मंत्री मनीष शर्मा ने बताया कि किसानों का कृषि कार्य जोखिम भरा है। साथ ही वर्तमान में लागत में भी कई गुना वृद्धि हुई है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलना आवश्यक है।

आज जैविक कृषि को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए गौवंश एक बेहतर विकल्प है। यदि किसान गायों को पालते हैं तो निश्चित ही जैविक कृषि में उन्हें मदद मिलेगी और इससे उन्हें लाभ भी होगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, ब्लाक अध्यक्ष इंदरगढ़ संतोष सिंह साहू, ब्लाक अध्यक्ष बड़ौनी जयपाल सिंह गुर्जर आदि उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter