वेलिंगटन : वेस्ट आकलैंड के लिनमाल में काउंटडाउन सुपरमार्केट में चाकू से हमला कर छह लोगों को घायल करने वाले का पुलिस पीछा कर रही थी और हमले के 60 सेकेंड के भीतर उसे गोली मारकर ढेर कर दिया।
न्यूजीलैंड के अधिकारियों को शुक्रवार को हमला करने वाले के आतंकी संगठन आइएस से प्रेरित होने को लेकर हैरत है। तीन दुकानदारों को गंभीर हालत में आकलैंड अस्पताल पहुंचाया गया। एक अन्य की स्थिति नाजुक है जबकि दो की हालत थोड़ी बेहतर है।
न्यूजीलैंड के अधिकारियों ने हमलावर की पहचान 32 वर्षीय आतिल मुहम्मद समसुद्दीन के रूप में की है। प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डेन ने हिंसा को आतंकी घटना करार दिया है। उन्होंने कहा कि हमलावर श्रीलंकाई नागरिक था और वह आइएस का समर्थक था।
देश की सुरक्षा एजेंसियों को उसके बारे में पूरी जानकारी थी। इस बीच श्रीलंका पुलिस ने शनिवार को पूर्वी प्रांत में इस्लामी कट्टरपंथ का गढ़ माने जाने वाले काथनकुडी निवासी तमिल मुस्लिम आतिल मुहम्मद समसुद्दीन को न्यूजीलैंड में हुए हमले के लिए नामजद किया है।
समसुद्दीन 2011 में छात्र वीजा पर श्रीलंका से न्यूजीलैंड पहुंचा था। उसने शरणार्थी का दर्जा मांगा था। न्यूजीलैंड में उसके अनुरोध को स्वीकार कर उसे 20 दिसंबर, 2013 को शरणार्थी का दर्जा दिया गया था।


