नई दिल्ली : त्योहारों से पहले देश को दहलाने की साजिश का पर्दाफाश दिल्ली पुलिस ने किया है। स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ व अंडरवर्ल्ड से जुड़े छह आतंकियों को गिरफ्तार किया है। उनकी साजिश नवरात्र व अन्य त्योहारों के समय दिल्ली, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में धमाके करने व राजनेताओं की हत्या करने की थी।
इनमें से दो आतंकियों को पाकिस्तान भेजकर गोला बारूद व हथियार चलाने के लिए 15 दिनों का प्रशिक्षण दिया गया था। उसके बाद उन्हें त्योहारों व उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान भारत में धमाके करने की जिम्मेदारी सौंपकर भारत भेज दिया गया था।
इस माड्यूल को आरडीएक्स आधारित आइईडी, ग्रेनेड, पिस्टल और कारतूस जमाकर रखने को कहा गया था। इनकी हुई गिरफ्तारी : स्पेशल सेल के विशेष आयुक्त नीरज ठाकुर के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आतंकयों के नाम जान मोहम्मद शेख (मुंबई), ओसामा उर्फ समी (ओखला, दिल्ली), मूलचंद उर्फ साजू (रायबरेली), जीशान कमर (करेली, प्रयागराज), मोहम्मद अबू बकर (बहराइच) व मोहम्मद आमिर (बख्शी का तालाब, लखनऊ) है।
सबको सौंपा गया काम : गिरफ्तार आतंकियों को अलग-अलग काम सौंपा गया था। अंडरवर्ल्ड डान दाऊद इब्राहिम के भाई अनीस इब्राहिम के करीबी समीर को आइएसआइ ने गिरफ्तार आतंकियों को भारत में हथियार, गोला बारूद व हवाला के जरिये पैसे मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। आइएसआइ के निर्देश पर 22 अप्रैल को ओसामा लखनऊ से ओमान की राजधानी मस्कट गया। 15 बांग्ला भाषी भी मिले : वहां पर उसे प्रयागराज का जीशान मिला। उनके साथ 15 लोग अन्य भी थे, जो बांग्ला बोल रहे थे। उन लोगों को कई समूहों में बांटा गया। ओसामा व जीशान को एक समूह में रखा गया था। मस्कट से उन्हें नाव से पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह लाया गया।
वहां पर एक पाकिस्तानी नागरिक उन्हें एक फार्म हाउस में ले गया। पाक सेना के जवानों ने दी ट्रेनिंग : फार्म हाउस में तीन पाकिस्तानी नागरिक, जिनमें पाकिस्तानी सेना के दो जवान जब्बार और हमजा भी मौजूद थे। उन्होंने दोनों को 15 दिन तक बम बनाने व एके 47 जैसे हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया। 15 दिनों तक प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें वापस मस्कट भेज दिया गया। वहां से फिर इन्हें भारत भेज दिया गया।
अंडरवर्ल्ड आपरेटिव जान मोहम्मद शेख उर्फ समीर कालिया का मूलचंद उर्फ लाला से अनीस इब्राहिम ने संपर्क कराया था। इन सभी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में अभी से धमाके के लिए स्थान चिह्नति करने के लिए कहा गया। अंडरवर्ल्ड की सक्रिय भूमिका : स्पेशल सेल अधिकारी के मुताबिक अंडरवर्ल्ड आपरेटिव जान मोहम्मद शेख उर्फ समीर कालिया का मूलचंद उर्फ लाला से अनीस इब्राहिम ने संपर्क कराया था।
इन सभी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में अभी से धमाके के लिए स्थान चिह्नति करने के लिए कहा गया। आइएसआइ ने मुहैया कराया था हथियार व गोला बारूद : स्पेशल सेल के पास सूचना थी कि पाक प्रशिक्षित आतंकियों का समूह आइएसआइ के सहयोग से भारत में धमाके करने वाला है। आइएसआइ द्वारा ही हथियार व गोला बारूद मुहैया कराया गया है। टीम ने करीब दो महीने की जांच के बाद राजस्थान से दिल्ली आने के दौरान ओसामा को गिरफ्तार किया गया।
मोहम्मद अबू खान को दिल्ली के सराय काले खां से, जीशान को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, मोहम्मद आमिर जावेद को लखनऊ व मूलचंद उर्फ साजू को रायबरेली से दबोचा गया। सबसे पहले अंडरवर्ल्ड आपरेटिव जान मोहम्मद शेख उर्फ समीर कालिया को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। आपरेशन में यूपी एटीएस के अधिकारियों ने भी स्पेशल सेल का काफी सहयोग किया। पूछताछ में पता चला कि इस माड्यूल को आरडीएक्स आधारित आइईडी, ग्रेनेड, पिस्टल और कारतूस जमाकर रखने को कहा गया था।


