Datia News : दतिया। अगस्त माह में आई बाढ़ ने सेवढ़ा में आवागमन व्यवस्था को तहस नहस करके रख दिया। सिंध के तीन पुल नदी में समा जाने के बाद तो सेवढ़ा का आसपास के क्षेत्रों से लगभग संपर्क कट गया। पुल निर्माण की प्रक्रिया फिलहाल काफी लंबी होती नजर आ रही है।
संबंधित सेतु निर्माण विभाग ने प्रयास तो शुरू कर दिए हैं। जिसके बाद संभव है कि सितंबर अंत तक काम शुरू हो जाएं। लेकिन तब तक आवागमन ठप रहने से लोग परेशानी उठा रहे हैं।

ऐसे में सेवढ़ा का पुराना पुल जरुर आम लोगों के लिए सुविधाजनक आवागमन जल्दी ही देने लगेगा। इस पुल की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो गया है। इस पर सिर्फ सीमेंट कांक्रीट डलना शेष रह गया है।
जिसके दो दिन बाद पुल आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। लेकिन पुल मरम्मत होते ही वाहन चालकों ने इस पर से निकलना भी शुरू कर दिया है।

3 अगस्त को आई बाढ़ से सेवढ़ा अनुभाग के 3 पुल सिंध नदी में समा गए थे। सबसे ज्यादा नुकसान सेवढ़ा का पुल टूटने से हुआ। वहीं भिंड, दतिया, उरई, ग्वालियर को जोड़ने वाला सनकुआं धाम पर स्थित पुल टूट जाने से काफी परेशानी हुई।
इससे आवागमन पूर्णता बंद हो गया। इस पुल के ठीक बगल में दूसरा प्राचीन पुल जो क्षतिग्रस्त पड़ा था, उसे अस्थाई तौर पर आवागमन के लिए तैयार किए जाने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद एमपीआरडीसी ने प्राचीन पुल के मरम्मत का कार्य शुरू किया। तेजी किए गए मरम्मत कार्य से जल्दी ही पुल आवागमन योग्य हो जाएगा। पुल पर कंक्रीट का कार्य ही शेष रह गया है। संबंधितों के मुताबिक दो दिन बाद पुल आवागमन योग्य हो जाएगा।
इधर बिना अनुमति पिछले 2 दिन से दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। जबकि पुल को आधिकारिक रूप से चालू नहीं किया गया है। लेकिन लंबे समय से आवागमन समस्या से जूझ रहे लोग अब लगता है इंतजार करने को तैयार नहीं है।


