नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार पिछले दो दशकों में 16 अरब डालर से बढ़कर 149 अरब डालर हो गया है। इसके वर्ष 2025 तक 500 अरब डालर तक पहुंचने की उम्मीद है।
17वें इंडो-यूएस इकोनामिक समिट (बाउंसिंग बैक-रेसिलिएंट रिकवरी पाथ पोस्ट कोविड-19) को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि कोरोना के बाद आर्थिक सुधार में दोनों देशों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस पर विभिन्न स्तरों पर चर्चा की जानी चाहिए, क्योंकि सुधार के लिए नए विचारों और दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
1920 में आई वैश्विक मंदी के बाद वर्तमान स्थिति मानव जाति के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में रिकवरी के लिए हमे नए विचार और रचनात्मक एजेंडे की जरूरत है।
देश में दुनिया का सबसे बड़ी टीकाकरण अभियान महामारी मुक्त भारत बनान के लिए चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरी उम्मीद है कि अधिक से अधिक अमेरिकी निवेशक भारत में सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं में निवेश करेंगे।
उनके पास बुनियादी ढांचे में निवेश का एक जबरदस्त अवसर है।’ उन्होंने अमेरिकी निवेशकों, विशेष रूप से बीमा और पेंशन फंडों को भारत के सड़क और राजमार्ग बुनियादी ढांचे में निवेश करने के लिए भी कहा।


