काबुल : तालिबान ने हथियारों और गोला-बारूद से लदे एक ट्रक को जब्त कर लिया है। ये हथियार तस्करी कर पाकिस्तान ले जाए जा रहे थे।स्थानीय पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार तालिबान ने अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में पाकिस्तान को हथियार भेजे जाने के एक प्रयास को विफल कर दिया । डेली औसाफ ने बताया कि अफगानिस्तान के हेलमंड प्रांत से आ रहे एक ट्रक को कंधार के दमन जिले में रोका गया।
तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया। तालिबान कमांडर के मुताबिक, चमन के जरिये आतंकवाद के लिए हथियारों की पाकिस्तान में तस्करी की जा रही थी।
तालिबान ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर भेज दिया है। कमांडर ने बताया कि गुप्त सूचना पर आपरेशन किया गया। कमांडर ने कहा कि अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ नहीं किया जाएगा।


