आतंक का साया : दिल्ली पुलिस मुख्यालय में हुई आइबी व रा के अलावा 11 राज्यों के एटीएस प्रमुखों की बैठक

नई दिल्ली : तालिबान के अफगानिस्तान में जबरन सत्ता पर काबिज होने और पाकिस्तान के रवैये से उपजे हालात से निपटने के लिए देश की प्रमुख खुफिया एजेंसियों और आतंक निरोधी दस्ते (एटीएस) ने शुक्रवार को यहां गहन मंथन किया।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सुबह दस से देर शाम आठ बजे तक चली इस बैठक में पहली बार रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रा) व खुफिया ब्यूरो (आइबी) के प्रमुखों समेत इंटेलीजेंस के कई बड़े अधिकारी व 11 संवेदनशील राज्यों के एटीएस प्रमुख शामिल हुए। पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना व स्पेशल सेल के अधिकारियों के साथ इन बड़े अफसरों की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार अपनी तरह की इस पहली बैठक में चर्चा हुई कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान में बदल रहे हालात को देखते हुए भारत को सचेत रहने की जरूरत है। अधिकारियों ने चिंता जाहिर की कि आने वाले दिनों में तालिबान एक नई रणनीति के साथ भारत के लिए खतरा बन कर उभर सकता है।

ऐसे में दिल्ली समेत देश के कई राज्यों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। सीमा पार आतंकियों गतिविधियों की सूचना स्पेशल सेल, खुफिया अधिकारियों व राज्यों के एटीएस प्रमुखों ने आतंकवाद को लेकर समुदाय विशेष के युवाओं को जिहादी बनाने की कोशिश व सीमा पार की आतंकी गतिविधियों को लेकर चौंकाने वाली जानकारी साझा की। बताया गया कि पाकिस्तान और आइएसआइ भारत में जासूसी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। इंटरनेट और फोन के जरिए हनीट्रैप कर भारत की गोपनीय जानकारियां भी ली जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों के हाथ इसके इनपुट लगे हैं।

इससे निबटने के लिए गहन मंथन किया गया और रणनीति बनाई गई। बताते हैं कि बैठक में जम्मू-कश्मीर की मौजूदा स्थिति व वहां की चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आतंकी संगठनों पर नजर रखने के निर्देश बैठक में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मुहम्मद व इंडियन मुजाहिदीन व अन्य आतंकी संगठनों पर पैनी नजर रखने को कहा गया। सभी को बेहतर तालमेल बनाकर काम करने को कहा गया, तभी आतंकवाद की चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया जा सकता है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter