Datia News : दतिया । अज्ञात वाहन की टक्कर से गायों की दर्दनाक मौत हो जाने के घटना पर ग्वालियर हाइवे पर ग्राम सीतापुर-उपरांय के बीच गौसेवकों ने दो घंटे का जाम लगा दिया। गुस्साए गौसेवक को समझाने मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंचा। अधिकारियों के आश्वासन पर गौ सेवकों ने जाम खोला।
जाम के दौरान हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम खुलने के बाद ही आवागमन शुरु हो सका। मामला गोराघाट थाना क्षेत्र का है।
गौसेवा दल सीतापुर दतिया के युवाओं ने नेशनल हाई-वे पर हो रही निरंतर गायों की मौतों व दुर्घटनाओं से आक्रोशित होकर सोमवार को चक्का जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनाें ओर सैकड़ों की संख्या में ट्रक सहित अन्य वाहन लगभग दो घंटे खड़े रहे। आश्वासन के बाद यह जाम खोला गया।
चक्का जाम का उद्देश्य प्रशासन से गायों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम कराना था। युवाओं ने बताया कि जिले में संचालित गौशालाओं को विधिवत चलाने व उनकी मॉनिटरिंग की जाए, ताकि गौवंश सुरक्षित रह सके। गौशालाओं में रह रहीं गायों की बेहतर देखभाल हो।
इन सभी मांगों को लेकर युवाओं ने चक्काजाम किया है। चक्काजाम के दौरान वहां पहुंचे अधिकारियों को गौसेवकों ने बताया कि नेशनल हाईवे पर आए दिन हो रहीं गायों की मौतें व दुर्घटनाग्रस्त होने से ग्रामीण और युवाओं में भारी आक्रोश है।
इसी के चलते ग्राम सीतापुर में जाम लगाया गया है। जाम के दौरान लगभग 1 किलोमीटर तक हाईवे पर दोनों तरफ वाहन खड़े रहे। इस दौरान गोराघाट का पुलिस बल भी मौजूद रहा।


