पटना : बिहार में भागलपुर लोकसभा सीट के लिए टिकट देने के नाम पर पांच करोड़ रुपये लेने के मामले में बुधवार को पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सांसद मीसा भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। उनके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर, शुभानंद मुकेश व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा पर केस दर्ज किया गया है।
कोतवाली इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश 16 सितंबर को ही न्यायालय ने दिया था। अधिवक्ता एवं बिहार कांग्रेस के प्रभारी पर्यवेक्षक संजीव सिंह ने 18 अगस्त, 2021 को न्यायालय में एक परिवाद दायर किया था।
जिसमें उन्होंने कहा था कि आरोपितों ने भागलपुर से लोकसभा का टिकट देने के एवज में 15 जनवरी, 2019 को उनसे पांच करोड़ रुपये लिए थे। इसके बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया गया। इसके बाद उन्हें विधानसभा चुनाव में भी दो जगह से टिकट देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन टिकट नहीं मिला।
टिकट किसी और को दे दिया गया। सीजेएम कोर्ट ने सुनवाई के बाद एसएसपी के माध्यम से कोतवाली थानाध्यक्ष को मामला दर्ज करने का आदेश 16 सितंबर को दे दिया था। मंगलवार तक कोतवाली थाना इंस्पेक्टर का कहना था कि आदेश की कापी नहीं आई है। बुधवार को आदेश की कापी आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।


