नई दिल्ली : पहाड़ी राज्यों को मुख्यधारा की सिनेमा से जोड़ने की पहल के तहत आयोजित होने जा रहे पहले हिमालयन फिल्म महोत्सव का उद्घाटन 24 सितंबर को केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे। इस मौके पर बालीवुड के चर्चित अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा व सिनेमा जगत के कुछ अन्य प्रमुख चेहरे भी मौजूद रहेंगे। पांच दिनों का यह महोत्सव लेह-लद्दाख में 24 से 28 सितंबर तक चलेगा। हाल ही में आई बालीवुड की चर्चित फिल्म शेरशाह महोत्सव की उद्घाटन फिल्म होगी।
इस दौरान शेरशाह फिल्म के निर्माता और कलाकार भी उपस्थित रहेंगे। इनमें फिल्म के मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ मलहोत्रा व निर्देशक विष्णुवर्धन भी शामिल हैं। महोत्सव के दौरान सिने प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए समारोह में अलग-अलग खंड रखे गए हैं। इस दौरान समकालीन राष्ट्रीय पुरस्कारों और भारतीय पैनोरमा में चयनित फिल्मों का एक पैकेज प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग तरह की कार्यशालाओं और मास्टरक्लास का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय स्तर के फिल्म निर्माताओं, आलोचकों और तकनीशियनों को आमंत्रित किया जाएगा।
यह सत्र फिल्म निर्माण के प्रति लोगों के रचनात्मक रुझान को बढ़ावा देने में प्रेरक की भूमिका निभाएगा। प्रतियोगिता खंड में लघु फिल्मों और लघु वृत्तचित्रों को आमंत्रित किया गया है। कोई श्रेणियों में पुरस्कारों का भी प्रविधान है। लेह-लद्दाख का खान-पान और स्थानीय कला संस्कृति भी समारोह के दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
भारत के हिमालयी इलाके अपने अनूठे प्राकृतिक सौंदर्य से दुनियाभर के फिल्मकारों को आकर्षित करते हैं। पिछले दो दशकों में यहां के स्वतंत्र फिल्म उद्योग ने काफी प्रगति की है। फिल्म निर्माता स्थानीय भाषाओं में फिल्में बना रहे हैं। हिमालयन फिल्म फेस्टिवल क्षेत्र के फिल्मकारों को एकसाथ लाकर उन्हें संस्थागत रूप देने के प्रयासों का हिस्सा है।


