वाशिगंटन : हाल ही में बने नए सुरक्षा गठबंधन में भारत और जापान को शामिल करने की संभावनाओं को अमेरिका ने खारिज कर दिया है। अमेरिका ने हाल ही में ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर एक नया गठबंधन आकस बनाया है। 15 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन.
आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्काट मारिसन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने संयुक्त बयान जारी कर हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक नए सुरक्षा गठबंधन की घोषणा की है। इस गठबंधन को आकस (एयूकेयूएस- आस्ट्रेलिया-यूके-यूएस) नाम दिया गया है। इस सुरक्षा गठबंधन के तहत आस्ट्रेलिया को परमाणु पनडुब्बी के बेड़े से लैस करते हुए तकनीकी रूप से चीन से मुकाबला करने में सक्षम बनाया जाएगा।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने बताया कि इस सुरक्षा गठबंधन को लेकर फ्रांस को भी राष्ट्रपति ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बने इस सुरक्षा गठबंधन में किसी और देश को शामिल नहीं किया जा रहा है। साकी उस सवाल का जवाब दे रही थीं, जिसमें पूछा गया था कि क्या भारत और जापान को भी आकस में शामिल किया जाएगा।
व्हाइस हाउस प्रेस सचिव ने कहा कि भारत-जापान को इस सुरक्षा गठबंधन से नहीं जोड़ा जा रहा है। ज्ञात हो कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ही चार देशों अमेरिका, भारत, जापान और आस्ट्रेलिया के बीच क्वाड गठबंधन बनाया गया है। इसकी 24 सितंबर को होने वाली बैठक की मेजबानी व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडन कर रहे हैं।

