पंजाब के हालात पर निगाह रख रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बनाई सरकार को घेरने की रणनीति

चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कांग्रेस विधायकों के साथ मुलाकात का दौर गुरुवार को भी चलता रहा। बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 10 अक्टूबर से ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम की रणनीति तैयार की गई।

हुड्डा ने पंजाब कांग्रेस के हालात पर निगाह रखी। गांधी परिवार के सदस्यों के प्रति कैप्टन अमरिंदर सिंह की तल्ख टिप्पणी पर हुड्डा कुछ नहीं बोले। राजनीति के धुरंधर खिलाड़ी माने जाने वाले हुड्डा ने अपने सरकारी आवास पर सभी विधायकों की बात सुनीं, हर तरफ का फीडबैक लिया, लेकिन खुद कुछ नहीं बोला।

हर किसी को उन्होंने यही कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार के दो साल पूरे होने वाले हैं। कांग्रेस विपक्ष में है। इसलिए लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनी जाए तथा सरकार की नाकामियों को उजागर किया जाए। धान की सरकारी खरीद में हो रही देरी को उन्होंने किसानों के लिए नुकसानदेह बताया।

‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम के प्रथम चरण में हुड्डा सभी जिलों में जाएंगे और दूसरे चरण में विधानसभा स्तर पर जनता से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के दौरान वह और विधायक पूरे दिन शाम तक लोगों के बीच रहेंगे और उनसे सीधा संवाद बनाएंगे। सत्तारूढ़ दोनों दलों ने अपने चुनावी घोषणापत्र का कोई भी वादा पूरा नहीं किया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter