2022 विधानसभा चुनाव: अक्टूबर में उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

देहरादून : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अक्टूबर या नवंबर में उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं। उनके दौरे के लिए चार तिथियां प्रस्तावित की गई हैं।इसके अनुसार प्रधानमंत्री चार अक्टूबर, 14 अक्टूबर, नौ नवंबर अथवा केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के अवसर पर उत्तराखंड आ सकते हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह का 16 व 17 अक्टूबर को उत्तराखंड का दौरा प्रस्तावित है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक अक्टूबर को उत्तराखंड आ सकते हैं।

प्रधानमंत्री के सलाहकार भास्कर खुल्बे और प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगेश घिल्डियाल के केदारनाथ व बदरीनाथ दौरे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का केदारनाथ से गहरा लगाव है। प्रधानमंत्री बनने के बाद से वह लगातार यहां आते रहे हैं। हालांकि पिछले वर्ष कोरोना के चलते वह नहीं आ पाए। माना जा रहा है कि इस वर्ष वह कपाट बंद होने से पहले अथवा कपाट बंद होने के अवसर पर बाबा केदार के दर्शनों को आ सकते हैं।

पीएमओ की टीम ने किया बदरीनाथ और केदारनाथ का निरीक्षण : प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत होने वाले कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की समाधिस्थल पर चल रहे निर्माण का समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter