Datia News : दतिया। अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ा भारी गुजरा। जिले में पुलिस व आबकारी विभाग ने मिलकर संयुक्त कार्रवाईयां की है। जिसमें 5 थाना क्षेत्रों के कंजर डेरों से लाखों रुपये की अवैध शराब व शराब बनाने के उपकरण जप्त कर अवैध शराब व लहान को मौके पर नष्ट किया गया।
इस दौरान जिगना थाना के अंतर्गत वनवास, सनोरा, भांडेर थानांतर्गत पंडोखर, भांडेर तथा आबकारी बृत अ में यह छापामार कार्रवाईयां की गई। वहीं आबकारी विभाग ने भी 5 महिलाओं को शराब की अवैध बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया है।
संयुक्त कार्रवाई में कई पुलिस थाना प्रभारियों के साथ आबकारी विभाग भी शामिल रहा। बता दें कि इतनी बड़ी अवैध शराब के खिलाफ मुहिम जिले में एक अरसे बाद की गई है।

जिला आबकारी अधिकारी डीएन त्रिपाठी के नेतृत्व में जिगना थाना अंतर्गत अवैध शराब के कुल 3 प्रकरण बनाए गए। इसमें 6 लाख 9 हजार रुपये की अवैध हाथ भट्टी शराब बरामद कर नष्ट की गई है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी केएल भगोरा ने जानकारी में बताया कि आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिगना थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। इस हाथ भट्टी कच्ची शराब को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से पुलिस की मदद ली गई और एक संयुक्त दबिश शुक्रवार सुबह दी गई।
उन्होंने बताया कि इस संयुक्त दबिश में जिगना थाना के सनोरा और वनवास कंजर डेरे पर 700 बल्क लीटर हाथ भट्टी शराब तथा 9000 लीटर लाहन जप्त किया गया है। जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके अलावा शराब बनाने की सामग्री भी जप्त की है। इस दबिश के तहत 3 प्रकरण बनाए गए हैं। जिसमें सभी आरोपित अज्ञात हैं। इस कार्रवाई ने बड़ौनी एसडीओपी सुनील नायक, सहायक जिला आबकारी अधिकारी केएल भगोरा, आबकारी बृत प्रभारी अनिरुद्ध खानविलकर, टीआर वर्मा व पुलिस विभाग जिगना के थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, गोराघाट थाना प्रभारी कमल गोयल,
बड़ौनी थाना प्रभारी शैलेंद्र गुर्जर और सनोरा थाना प्रभारी रचना माहौर सहित आबकारी विभाग मुख्य आरक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, आरक्षक संजय शर्मा, विकास पाठक, रवि बिसारिया, लक्ष्मीनारायण मांझी, मनीष यादव शामिल रहे।

भांडेर के रामगढ़ कंजर डेरा पर पुलिस ने मारा छापा
भांडेर थाना अंर्तगत आने वाले क्षेत्र रामगढ़ कंजर डेरा पर पुलिस टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में शराब नष्ट एवं जप्त की गई। भांडेर एवं दुरसड़ा पुलिस टीम ने कंजर डेरा पर बन रही अवैध कच्ची शराब जप्त की गई। जिसमें करीबन दस हजार लीटर लहान नष्ट किया गया।
मौके पर करीबन 250 लीटर हाथ भट्टी की बनी शराब 4 केनो में रखी मिली। जिसे जप्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भांडेर रवींद्र गुर्जर, दुरसड़ा थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुशवाह, उपनिरीक्षक संजेश भदौरिया, हरपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक रमेश उज्जेनिया शामिल रहे।
पंडोखर व गोंदन पुलिस ने भी की कार्रवाई
कंजर डेरा पर बन रही अवैध कच्ची शराब पर पंडोखर एवं गोंदन पुलिस ने भी छापा मारा। थाना प्रभारी पंडोखर विजयसिंह लोधी एवं थाना प्रभारी गोंदन यदुनाथ सिंह तोमर की संयुक्त कार्रवाई में मय फोर्स के कंजर डेरा समथर तिराहा पंडोखर पर दविश दी गई।
जिसमें करीबन 05 हजार लीटर कच्ची लहान नष्ट की गई एवं मौके से करीबन 120 लीटर हाथभट्टी की बनी शराब तीन केनों में रखी जप्त कर ली गई। इस कार्रवाई में सउनि राजेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक स्वामीप्रसाद, रामकेश पाल, हरिमोहन कुशवाह, रविकांत, महेश कौरव, महिला आरक्षक मंजू रावत शामिल रही।


