ममता बनर्जी ने किसान हड़ताल का किया समर्थन, कहा-‘जाएंगे पंजाब, काला कानून वापस ले केंद्र सरकार’

कोलकाता : बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को भाजपा पर एक बार फिर हमला बोलते हुए कहा कि 30 साल तक उन्होंने माकपा के साथ लड़ाई की है, अब उनकी लड़ाई भाजपा के खिलाफ होगी। उन्होंने कहा कि भवानीपुर तो केवल शुरुआत है। टीएमसी हर प्रांत में जाएगी और देश से भाजपा को हटाएगी।

भवानीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहीं ममता ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नए कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आहूत 27 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का भी नैतिक समर्थन करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो वह पंजाब और गुजरात भी जाएंगी। उन्होंने फिर मांग की है कि केंद्र सरकार तीनों काले कृषि कानूनों को तुरंत वापस ले।

एक लाख से अधिक वोटों से जीतेंगी ममता : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने रविवार को भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि 30 सितंबर को भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव में लोग दिल्ली में परिवर्तन के लिए वोट देंगे। भवानीपुर में ममता बनर्जी एक लाख से अधिक वोटों से जीतेंगी और भाजपा की जमानत जब्त हो जाएगी।

माकपा उम्मीदवार को प्रचार से रोकने को लेकर हंगामा : भवानीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में वाममोर्चा समर्थित माकपा उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास की ओर जाने वाली सड़क पर प्रचार करने से रोके जाने पर जमकर हंगामा किया गया। बाद में माकपा उम्मीदवार विश्वास और नेता सुजन चक्रवर्ती के संग अन्य तीन लोगों को हरीश चटर्जी स्ट्रीट क्षेत्र में प्रचार करने की अनुमति दी गई। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter