उप्र में भाजपा का चुनाव अभियान : ‘सौ दिन के सौ काम’,विजय हासिल करने के लिए दो चरणों में चलेगा चुनाव प्रचार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन की संरचना तैयार कर ली गई और योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार भी हो चुका। अब भाजपा तय कर चुकी है कि एक दिन भी आराम किए बिना पूरी ताकत से मिशन-2022 में जुटा जाए। संगठन ने तय किया है कि दो चरणों में प्रचार-प्रसार का अभियान चलाया जाएगा। ‘सौ दिन के सौ काम’ नाम के चुनाव पूर्व अभियान की रूपरेखा बना ली गई है। अंतिम स्वीकृति के लिए योजना केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।

भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पूरे प्रदेश में माहौल बनाने के लिए कमर कस ली है। संगठन की कमान प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह संभाले हैं तो चुनावी रणनीति के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सहप्रभारी के रूप में केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर चुनाव प्रबंधन संभाल रहे हैं। बाकी छह सह प्रभारियों को क्षेत्रीय चुनाव प्रभारी बनाया गया है। पिछले दिनों यह सभी दिग्गज कई दौर की बैठकें करने के बाद चुनाव अभियान की रूपरेखा तय कर चुके हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अभियान दो चरणों में चलेगा। पहला अभियान चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक चलेगा। इसके लिए आगामी एक अक्टूबर से दस जनवरी, 2022 तक की अवधि प्रस्तावित की गई है। इस चरण को ‘सौ दिन के सौ काम’ नाम दिया गया है। एक-एक दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा बना ली गई है।

अंतिम स्वीकृति के लिए रूपरेखा केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। इन सौ दिनों में समाज के हर वर्ग से जनसंपर्क पर ही खास जोर रहेगा। योगी मंत्रिमंडल के विस्तार में जो सात नए मंत्री बनाए गए हैं, वह भी अपने-अपने जाति वर्ग और क्षेत्र में इसी दौरान ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का संदेश पहुंचाने में जुटेंगे। यह अभियान समाप्त होने पर जनवरी से पार्टी चुनावी जनसभाएं शुरू करेगी।

हारी हुई सीटों पर है नजर इस अभियान के अलावा पार्टी की नजर खास तौर पर उन सीटों पर है, जहां अभी भाजपा के विधायक नहीं हैं। ऐसे लगभग 80 विधानसभा क्षेत्रों में समीकरण बदलने और जीत का माहौल बनाने की जिम्मेदारी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संभाली है। वह दोनों ऐसे क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार कार्यक्रम व जनसभाएं कर रहे हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter