सिविल सेवा में शुभम कुमार ने हासिल किए सर्वश्रेष्ठ 52.04 प्रतिशत अंक, दूसरे स्थान पर रहीं जागृति अवस्थी को 51.95 अंक

नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा में शीर्ष स्थान पाने वाले शुभम कुमार ने 52.04 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर रहीं जागृति अवस्थी को 51.95 प्रतिशत अंक मिले।

परीक्षा में कुल 761 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं, जिनमें 545 पुरुष और 216 महिलाएं हैं। आयोग ने परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित किए थे। सिविल सर्विसेज परीक्षा का आयोजन प्रतिवर्ष यूपीएससी तीन चरणों में करता है। इनमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं।

इन परीक्षाओं के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस), भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) सहित कई अन्य सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन होता है। सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा, 2020 का आयोजन पिछले वर्ष चार अक्टूबर को हुआ था। आयोग ने एक बयान में बताया गया कि 10,40,060 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन दिया था जिनमें से 4,82,770 परीक्षा में बैठे।

मुख्य परीक्षा के लिए 10,564 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए थे, जिसका आयोजन जनवरी, 2021 में हुआ था। इनमें से 2,053 उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए चुने गए थे। 761 सफल उम्मीदवारों में से 25 दिव्यांग हैं। इनमें 263 सामान्य श्रेणी, 86 आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईडब्ल्यूएस), 220 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 122 अनुसूचित जाति (एससी) और 61 अनुसूचित जनजाति से हैं। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter