पंजाब में अस्थिरता के लिए राहुल जिम्मेदार : भाजपा, कहा, अभी तक नहीं गई कांग्रेस की आपातकाल वाली मानसिकता

नई दिल्ली : पंजाब में कांग्रेस की अस्थिरता को राहुल की असफलता बताते हुए भाजपा ने चेताया कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण यहां अस्थिरता का गंभीर परिणाम होता है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की महत्वाकांक्षा में पंजाब झुलस रहा है।

उन्होंने कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस ट्वीट पर आपत्ति जताई जिसमें कहा गया कि अगर राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तो कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।

पात्रा ने कहा, यह सोच साफ करती है कि कांग्रेस की आपातकाल वाली मानसिकता अभी तक नहीं गई है। यूं तो पंजाब के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद कांग्रेस के अंदर ही उथलपुथल है और भाजपा ने इसी बहाने राहुल को निशाना बनाया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी वायनाड में बोल रहे हैं कि भारत का कोई बार्डर नहीं है। पात्रा ने कहा कि यही कारण है कि उन्होंने उस सिद्धू को पंजाब का अध्यक्ष बनाया था जो पाकिस्तान में जाकर वहां के सेना प्रमुख बाजवा के गले मिले थे। पंजाब सीमावर्ती राज्य है।

पात्रा ने कहा कि यह सीधे-सीधे राहुल गांधी की असफलता है, लेकिन अगर मीडिया सवाल उठा रहा है तो उसे धमकाया जा रहा है। अभद्रता की बात कही जा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सारे अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया। लेकिन भाजपा ने तो किसी को नहीं धमकाया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter