नई दिल्ली : रोहिणी कोर्ट में कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी हत्याकांड में शामिल पांचवे आरोपित मोनू नेपाली की पुलिस ने पहचान कर ली है। स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मोनू मूलरूप से नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है। वह गोगी के विरोधी गैंगस्टर सुनील मान उर्फ टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का शूटर है।
घटना वाले दिन 24 सितंबर को टिल्लू ने उसे भी गोगी की हत्या के लिए रोहिणी कोर्ट भेजा था। गोगी की हत्या करने वाले राहुल व जयदीप जब हैदरपुर गांव के रहने वाले उमंग व विनय यादव के साथ सुबह साढ़े दस बजे उमंग की कार से रोहिणी कोर्ट पहुंचे थे, तब मोनू नेपाली वहां गेट नंबर चार पर पहले से खड़ा मिला था। वहीं पर मोनू से चारों का परिचय हुआ था।
मोनू ने उन्हें बताया कि उसे टिल्लू ने फोन कर वहां भेजा है। मोनू ने ही पिस्टल दी थी। मोनू भी था काले कोट में स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक उमंग व विनय से पूछताछ में कई बातें सामने आई हैं। सभी पहलुओं पर परखा जा रहा है। पूछताछ में पता चला है कि मोनू ने भी काला कोट पहना हुआ था। राहुल व जयदीप के साथ मोनू भी उस गेट से कोर्ट परिसर में दाखिल हुआ था। तीनों दूसरे तल तक साथ गए थे।
कोर्ट रूम में प्रवेश करने से पहले मोनू को राहुल व जयदीप ने वापस भेज दिया, क्योंकि उसने काला कोट तो पहना, लेकिन साथ में जींस पहन रखी थी। ऐसे में सुरक्षाकर्मियों को शक होने पर उनकी साजिश फेल हो सकती थी। मोनू कोर्ट से बाहर आ गया और पार्किंग में खड़ी कार में उमंग व विनय के साथ बैठ गया। उसी दौरान मोनू के पास टिल्लू का फोन आया और तीनों हैदरपुर चले गए थे।
चार कैमरों में आई है फुटेज जांच से पता चला है कि रोहिणी कोर्ट में 90 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ये सभी कैमरे कोर्ट परिसर, प्रवेश व निकासी द्वारों पर लगे हैं। कोर्ट के अंदर, सीढ़ियों व कोर्ट रूम में कैमरे नहीं लगे हैं। उक्त सभी के फुटेज की जांच की गई, जिनमें चार कैमरे में इन पांचों की कई तस्वीरें मिली हैं।

