अदाणी ग्रुप को कामयाबी : कोलंबो बंदरगाह के कंटेनर टर्मिनल निर्माण व संचालन का किया करार

कोलंबो : भारत के अदाणी समूह ने गुरुवार को रणनीतिक कोलंबो बंदरगाह के वेस्टर्न कंटेनर टर्मिनल को विकसित करने और चलाने के लिए सरकार के स्वामित्व वाली श्रीलंका बंदरगाह प्राधिकरण (एसएलपीए) के साथ एक समझौता किया। एक बयान में कहा गया है कि श्रीलंका में पहली बार भारतीय बंदरगाह संचालक के रूप में अदाणी समूह की बंदरगाह के वेस्टर्न कंटेनर टर्मिनल (डब्ल्यूसीटी) में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।

अदाणी समूह ने कोलंबो बंदरगाह पर डब्ल्यूसीटी विकसित करने के लिए अपने स्थानीय साझेदार जान कील्स होल्डिंग्स और एसएलपीए के साथ एक निर्माण-परिचालन-अंतरण (बीओटी) समझौते पर हस्ताक्षर किए।

दो स्थानीय संस्थाओं के पास वेस्ट कंटेनर इंटरनेशनल टर्मिनल नामक नई संयुक्त कंपनी की 34 और 15 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। कोलंबो बंदरगाह भारतीय कंटेनरों और मेनलाइन शिप आपरेटरों के ट्रांसशिपमेंट के लिए सबसे पसंदीदा क्षेत्रीय केंद्रों में से एक है।

अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनोमिक जोन (एपीएसईजेड) भारत में सबसे बड़ा बंदरगाह विकासकर्ता और परिचालक है और यह देश की कुल बंदरगाह क्षमता के 24 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करता है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter